*निवर्तमान जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी को भावभीनी विदाई, प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना* *जनसुनवाई से विकास कार्यों तक सक्रिय भूमिका, जनपदवासियों ने दी आत्मीय विदाई*
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। बाराबंकी,। निवर्तमान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के स्थानांतरण उपरांत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजन ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। अपने संक्षिप्त संबोधन में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा समस्त प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाराबंकी में उन्हें जो सहयोग, विश्वास एवं स्नेह प्राप्त हुआ, वह उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में किए गए विकास कार्य टीम वर्क का परिणाम हैं और सभी के समन्वित प्रयासों से ही इन्हें सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सका। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रशासन इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जनपद की सरल एवं सहयोगी जनता से उन्हें निरंतर प्रेरणा मिली। साथ ही उन्होंने मीडिया की सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर मीडिया ने प्रशासन को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को जनपद के विकास में महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने निवर्तमान जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा जनपद में स्थापित की गई पारदर्शी एवं जनोन्मुखी प्रशासनिक परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी के कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारीगण, राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी, अधिवक्ता बंधु, मीडिया प्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित रहे।









