जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महर्षि वाल्मीकि आश्रम का किया संयुक्त निरीक्षण; स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर दिए कड़े निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से ऐतिहासिक महर्षि वाल्मीकि आश्रम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, जन-सुविधाओं और अतिक्रमण को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फॉरेस्ट रेंजर को निर्देशित करते हुए कहा कि आश्रम परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु गठित समिति को सक्रिय किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानों और पार्कों से प्राप्त होने वाले शुल्क (रेवेन्यू) का उपयोग करते हुए नियमित सफाई हेतु एक सफाई कर्मी की नियुक्ति की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो दर्शनार्थी कूड़ा-करकट निर्धारित डस्टबिन के स्थान पर अन्यत्र फैलाते हैं, उनके विरुद्ध अर्थदंड (जुर्माना) की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्वच्छता के प्रति बेहतर प्रबंधन के लिए वन विभाग के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। उपजिलाधिकारी मोहम्मद जसीम को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एन.एच. (NH) मार्ग के दृष्टिगत जो मार्किंग की गई है, उस क्षेत्र में चिन्हित अतिक्रमण को शीघ्र हटवाया जाए। उन्होंने इस प्रक्रिया को गति देने हेतु संबंधित अतिक्रमणकारियों को पुनः नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पर्यटन और स्थानीय आय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्धारित 'वेंडिंग जोन' का समतलीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर व्यवस्थित रूप से मेले का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। मेले के संचालन से प्राप्त होने वाली आय को ग्राम पंचायत के माध्यम से संग्रहित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उक्त धनराशि का उपयोग जनहित एवं विकास कार्यों में किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ऑफर पुलिस अधीक्षक बांदा मोविस टक, थाना प्रभारी रायपुरा, ग्राम प्रधान एवं पुलिस विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









