पुलिस की तत्परता से बिछड़ा मासूम सकुशल परिजनों से मिला

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। रविवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम को बंकी बाजार के पास एक लगभग 3 वर्षीय बच्चा मिला, जो अपने परिजनों से बिछड़ गया था और अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर उसके परिजनों का पता लगाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। पुलिस की सक्रियता और अथक प्रयासों के बाद बच्चे के परिजनों की जानकारी प्राप्त कर ली गई। इसके उपरांत गुमशुदा बच्चे को उसके पिता नफीस अंसारी पुत्र वकील अहमद, निवासी ताजी खाना मशकगंज, थाना वजीरगंज, लखनऊ के सुपुर्द कर दिया गया। बताया गया कि परिजन लखनऊ से बाराबंकी एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे, इसी दौरान बच्चा बिछड़ गया था। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने थाना कोतवाली नगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।