पत्रकार रमाकांत वर्मा को श्रद्धांजलि, शोकसभा में जुटा मीडिया परिवार
दो मिनट का मौन रखकर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल
बाराबंकी की तहसील फतेहपुर की ग्राम पंचायत समनाडीह निवासी पत्रकार रमाकांत वर्मा (उम्र लगभग 46 वर्ष) का 5 फरवरी को दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से परिवार और पत्रकारिता जगत में गहरा शोक व्याप्त है। दिवंगत पत्रकार अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 22 फरवरी 2026 को दोपहर 1:00 बजे मोहल्ला पचघरा स्थित स्पेक्ट्रम अकादमी परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह शोकसभा अपराध प्रहरी हिंदी दैनिक समाचार के पत्रकार नीरज शर्मा की पहल पर आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने भाग लिया।
सभा में उपस्थित सभी पत्रकार साथियों ने दिवंगत रमाकांत वर्मा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने उन्हें निडर, निष्पक्ष और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाला पत्रकार बताया। उन्होंने कहा कि रमाकांत वर्मा ने पत्रकारिता को सदैव मिशन के रूप में लिया और समाज की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया।
इस अवसर पर पत्रकार राजेश जायसवाल, विजय राम जायसवाल, पत्रकार देवकली प्रसाद, पत्रकार शिवम, पत्रकार सौरभ, पत्रकार अबरार सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में रमाकांत वर्मा के दो पुत्र भी मौजूद रहे, जिनकी आंखों में अपने पिता को खोने का दर्द साफ झलक रहा था।
शोकसभा में उपस्थित सभी पत्रकारों और नागरिकों ने एकजुट होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के अंत में यह भी अपील की गई कि पत्रकार समुदाय दिवंगत साथी के परिवार के साथ खड़ा रहे और हर संभव सहयोग प्रदान करे।
श्रद्धांजलि सभा में पूरे मीडिया परिवार की उपस्थिति ने यह दर्शाया कि पत्रकार रमाकांत वर्मा अपने साथियों के बीच अत्यंत सम्मानित और प्रिय थे। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।