पति-पत्नी के विवाद में पति की मौत, पत्नी हिरासत में

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम कुरथरा में पति-पत्नी के बीच हुई मारपीट के दौरान पति के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बुधवार दोपहर ग्राम कुरथरा निवासी 32 वर्षीय मोहित पुत्र रामकुमार का अपनी पत्नी शिल्पा वर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मोहित शराब का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। बुधवार को करीब 12 बजे घर में ही विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। इस दौरान शिल्पा ने डंडे से मोहित के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में 14 वर्षीय पुत्र अभय उर्फ गोलू और 10 वर्षीय पुत्री सृष्टि हैं। क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंथ, प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शराब के कारण आए दिन विवाद होते थे और इसी के चलते यह घटना हुई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।