संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिला
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सायपुर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके बड़े भाई के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सायपुर निवासी देवी दयाल पुत्र रामसरन बुधवार की सुबह करीब 4 बजे पत्नी से चाय बनाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश करने पर वह घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित बड़े भाई प्रदीप के घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में था और सभी अलग-अलग घरों में रहते थे। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक देवी दयाल की शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक 2 वर्षीय मासूम बेटी भी है। घटना के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।









