पचपेड़वा ब्लॉक में निर्माण घोटाले का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
निष्पक्ष जन अवलोकन। बदरु जमा चौधरी। पचपेड़वा विकासखंड( बलरामपुर)अंतर्गत ग्राम पंचायत मिश्रौलिया में पंचायत भवन निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी घटिया निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पंचायत भवन पुरानी ईंटों से खड़ा किया गया और बगल में बलूही मिट्टी डालकर जल्दबाजी में दीवारें तैयार कर दी गईं। निर्माण में न तो मानक का पालन हुआ और न ही उचित मापदंडों का ध्यान रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन का न तो सही लाइन-लेवल रखा गया और न ही उसकी लंबाई-चौड़ाई मानक के अनुसार है। इतना ही नहीं, कच्चे टाइल्स लगाकर निर्माण को पूरा दिखाने की कोशिश की गई है। आरोप है कि इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान महेंद्र कुमार यादव, सचिव संदीप कुमार, वीडिओ मोहित दुबे और सहायक तकनीकी धर्मेंद्र पांडे की मिलीभगत से कार्य कराया गया है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पंचायत भवन के पास ही खेल मैदान के नजदीक पहले भी इसी तरह का निर्माण कराया गया था, जो अब जांच के दायरे में है। वहीं, गांव में बना सामुदायिक शौचालय पूरी तरह जर्जर हालत में बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीण खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि वे कई बार ब्लॉक स्तर पर शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कोई ठोस कार्रवाई आज तक नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ी संख्या में जिलाधिकारी के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाएंगे। संवाददाता द्वारा जब इस मामले में वीडिओ मोहित दुबे से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन की घंटी बजती रही, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों में और भी संदेह गहराता जा रहा है कि पूरे मामले में बड़े स्तर पर मिलीभगत से भ्रष्टाचार किया गया है।









