नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने भेजा जेल
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत जाखलौन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के पर्यवेक्षण में जाखलौन थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी छोटे राजा उर्फ भज्जू अहिरवार (22 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरिया वंशा, पिछले कुछ समय से नाबालिग से दुष्कर्म के मामले (मुअसं 200/2025) में वांछित चल रहा था। उस पर बीएनएस की धारा 65(1)/137(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। शनिवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुनील कुमार दीक्षित, कांस्टेबल विकास सिंह और करन कुमार निर्मल शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।