दहेज हत्या की आशंका: विवाहिता का शव खेत की चक्की पर मिला, पति सहित ससुराल पक्ष फरार

निष्पक्ष जन अवलोकन । रत्नाकर पांडे।

टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के कूड़ा सुखीपुर गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय विवाहिता माधुरी का शव खेत में लगी चक्की पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार माधुरी की शादी 8 दिसंबर 2022 को हुई थी। उसकी गोद में करीब 11 माह की दूधमुंही बच्ची है, जो अब हमेशा के लिए मां के साये से वंचित हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही माधुरी ने अपने मायके फोन कर अनहोनी की आशंका जताई थी और बताया था कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।

जब मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो घर पर कोई मौजूद नहीं मिला। खोजबीन के दौरान खेत में लगी चक्की पर माधुरी का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद पति सहित ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और अंततः उसकी जान ले ली गई। गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।