5 दिन से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा खुज्जी गांव

5 दिन से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा खुज्जी गांव

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। विकास खंड निदूरा क्षेत्र के गांव खुज्जी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंके हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इसे बदलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। करीब दो हजार की आबादी वाला यह गांव पिछले 120 घंटों से पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। वहीं, मोबाइल चार्ज न हो पाने के कारण लोगों का संपर्क भी बाहरी दुनिया से कट गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पांच दिन पहले आंधी-पानी के दौरान तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसकी सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई थी। इसके बावजूद संबंधित जेई द्वारा फोन तक नहीं उठाया जा रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। इस समस्या को लेकर राम सुचित, विनोद यादव, अनमोल, नन्हेंलाल, रामखेलावन, लाल जी, रामसेवक, महेश, रामकिशोर, विमलेश, दिनेश, राधेलाल, राजेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं, अवर अभियंता विकास शुक्ला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जाएगी।