न्यू हिंद हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप: इलाज में लापरवाही और डेढ़ लाख की अवैध वसूली का मामला
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के न्यू हिंद हॉस्पिटल, भगौली रोड में इलाज के दौरान गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता महेश निषाद पुत्र चुन्नू, निवासी ग्राम गोलोक कोडर, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर ने बताया कि उनके परिजन अमरेश को उपचार के लिए न्यू हिंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में न तो उचित जांच की व्यवस्था थी और न ही किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की उपलब्धता। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में मौजूद तथाकथित डॉक्टर—डॉ. अमन, डॉ. लाइक, डॉ. राम मिलन और डॉ. जया—बिना मान्यता प्राप्त पंजीकरण के इलाज करते पाए गए। आरोप है कि बिना उचित योग्यता और लाइसेंस के गंभीर मरीज का इलाज किया गया, जिससे मरीज की हालत और बिगड़ गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इलाज के नाम पर मरीज के परिजनों से लगभग 1.5 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि उपचार से संबंधित कोई पारदर्शी विवरण नहीं दिया गया। मरीज की स्थिति गंभीर होने के बावजूद उसे समय पर किसी विशेषज्ञ चिकित्सक के पास रेफर नहीं किया गया। इसके अलावा अस्पताल में ICU, इमरजेंसी सुविधा, ऑक्सीजन सपोर्ट और आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की स्थिति भी संदिग्ध बताई गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार भ्रमित कर पैसे लिए गए और इलाज के दौरान न तो लिखित सहमति (कंसेंट) ली गई और न ही सही मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध कराया गया। पीड़ित ने इस पूरे मामले को चिकित्सकीय लापरवाही (मेडिकल नेग्लिजेंस), धोखाधड़ी और अवैध चिकित्सा संचालन का गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही संबंधित डॉक्टरों की डिग्री, पंजीकरण और योग्यता की जांच कर अस्पताल को सील करने तथा दोषियों के खिलाफ IPC की धाराओं में FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे न्यायालय और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों की शरण लेने को बाध्य होंगे।









