तहसील सिरौलीगौसपुर परिसर के एक गडढे में डूबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत

तहसील सिरौलीगौसपुर परिसर के एक गडढे में डूबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।सिरौली तहसील परिसर में शनिवार दोपहर एक दुखद घटना में 12 वर्षीय बालक अथर्व मौर्या की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। अथर्व, विक्रम मौर्या का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, अथर्व खेलते समय फिसल गया और परिसर में मौजूद एक पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। पानी में डूबने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद, परिजन अथर्व को सिरौली गौसपुर स्थित 100 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जंहा, अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस दौरान तहसीलदार सिरौली गौसपुर बालेन्दु भूषण वर्मा, लेखपाल सुभेन्द्र अवस्थी, आशुतोष मिश्रा, अनूप कुमार सहित कई तहसील कर्मी और बदोसराय कोतवाली के कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी भी अस्पताल पहुंचे। मृतक अथर्व के पिता विक्रम मौर्या तहसील में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ तहसील परिसर के आवास में ही रहते थे। अथर्व परिसर में ही खेल रहा था जब यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद से मृतक अथर्व के माता-पिता गहरे सदमे में हैं और परिवार में शोक व्याप्त है। कोतवाली बदोसराय के कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।