विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। गुरुवार देर शाम एक विवाहिता ने अपने घर के अंदर बने कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों में चीख-पुकार मच गई। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम बम्भनपुरवा मजरे बड़ागांव निवासी मोहित वर्मा पुत्र राम सिंह के साथ 28 अप्रैल 2022 को रेनू वर्मा पुत्री रामखेलावन निवासी ग्राम महमूदपुर मजरे लालापुर थाना सदरपुर जनपद सीतापुर का विवाह हुआ था। गुरुवार शाम विवाहिता ने घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। मृतका के भाई राम प्रवेश ने कोतवाली बड्डूपुर में तहरीर देकर पति मोहित वर्मा सहित चार लोगों पर आरोप लगाया है कि उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मोहित वर्मा का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका मृतका विरोध करती थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।









