छात्रा अंशिका गुप्ता बनी एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
*मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मिला अवसर, निरीक्षण से लेकर पुरस्कार वितरण तक निभाई जिम्मेदारी*
रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति अभियान के तहत संविलयन विद्यालय रुद्रपुर की कक्षा 8 की छात्रा अंशिका गुप्ता को विकासखंड रुद्रपुर के खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह ने गुरुवार को एक दिन का खंड शिक्षा अधिकारी बनने का दायित्व सौंपा। कार्यालय पहुंचने पर बीईओ ने अंशिका का स्वागत किया और अभिलेखों तथा कार्मिकों से परिचय कराया। इस विशेष अवसर पर अंशिका गुप्ता ने बीआरसी का निरीक्षण किया, संयुक्त विद्यालय रुद्रपुर का भ्रमण किया और संचारी रोग नियंत्रण अभियान प्रशिक्षण व प्रधानाध्यापक-खंड शिक्षा अधिकारी की बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही अंशिका ने गणित, विज्ञान और अंग्रेजी ओलंपियाड की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया। साथ ही रुद्रपुर ब्लॉक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर के प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश सिंह, प्राथमिक विद्यालय रुद्रपुर-2 के प्रधानाध्यापक नर्वदेश्वर मणि, कंपोजिट विद्यालय बैदा कोडर के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार सहित सत्यभामा त्रिपाठी, रश्मि आर्या, दयाशंकर पांडेय, लालकृष्ण सिंह, गिरीश चंद दुबे, एआरपी अंजनी सिंह, प्रवीण यादव, देवेंद्र यादव, वीर बहादुर सिंह, बलवंत सिंह, अनुज यादव आदि शामिल रहे। खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह ने अंशिका गुप्ता की आत्मविश्वासपूर्ण कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। अंशिका गुप्ता ने इस दायित्व को पूरी जिम्मेदारी से निभाकर इसका बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।