उत्कृष्ट कार्य से लोकतंत्र को मजबूती, डीएम ने 20 बीएलओ को किया सम्मानित

विशेष अभियान दिवस के अवसरों पर 150 से अधिक नए मतदाताओं के परिवर्धन(फॉर्म 06) भरवाने वाले बीएलओ को मिला सम्मान

उत्कृष्ट कार्य से लोकतंत्र को मजबूती, डीएम ने 20 बीएलओ को किया सम्मानित

निष्पक्ष जन अवलोकन

विनय सिंह

 (बाराबंकी)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विशेष अभियान दिवस के अवसरों पर 150 से अधिक नए मतदाताओं के परिवर्धन(फॉर्म 06) भरवाने वाले विधानसभा कुर्सी के 01 ,रामनगर के 01, बाराबंकी के 09, जैदपुर के 03, दरियाबाद के 04 व हैदरगढ़ के 02 बीएलओ सहित कुल 20 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इन बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में सबसे ज्यादा फॉर्म 6 प्राप्त कर अभियान को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि टीम वर्क और समर्पण का उदाहरण भी है। डीएम ने बीएलओ से आह्वान किया कि वे जिस निष्ठा, जिम्मेदारी और दक्षता के साथ कार्य कर रहे हैं, उसी भावना से आगे भी कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।