उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह को ज्ञापन सौंपा
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी द्वारा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सदस्य विधान परिषद अंगद सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनगणना कार्य के अंतर्गत शिक्षकों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने बताया कि मकान सूचीकरण कार्य हेतु शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यक्षेत्र से कई किलोमीटर दूर लगाए जाने से भीषण गर्मी में शिक्षकों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही जनगणना ड्यूटी में कनिष्ठ शिक्षकों को सुपरवाइजर एवं वरिष्ठ शिक्षकों को प्रगणक बनाए जाने पर भी शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रगणक एवं सुपरवाइजर को हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटन में एकरूपता नहीं है, जिससे कार्यभार असमान रूप से बांटा गया है। संगठन ने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए गणना कार्य को स्थगित करने तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश में किये जाने वाले कार्य के लिए शिक्षकों को उपार्जित अवकाश प्रदान करने की मांग की है। शिक्षक संघ ने माननीय सदस्य विधान परिषद से मांग की कि शिक्षकों की समस्याओं के प्रति सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे शिक्षकों को राहत मिल सके। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला मंत्री उमानाथ मिश्र, जिला संयुक्त मंत्री सुनील त्रिपाठी,जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर बाजपेई ,चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव , जिला आई टी सेल मीडिया प्रभारी दिलीप तिवारी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









