रोमांचक मुकाबलों के साथ बालाजी स्पोर्ट्स मीट 2026 का समापन, छात्र-छात्राओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

गोरखपुर में बालाजी एकेडमी व एनआईआईटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट 2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

रोमांचक मुकाबलों के साथ बालाजी स्पोर्ट्स मीट 2026 का समापन, छात्र-छात्राओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
गोरखपुर में आयोजित बालाजी स्पोर्ट्स मीट 2026 के समापन समारोह में विजेता खिलाड़ी
रोमांचक मुकाबलों के साथ बालाजी स्पोर्ट्स मीट 2026 का समापन, छात्र-छात्राओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

विभव पाठक 

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर, 12 जनवरी।

बालाजी एकेडमी एवं एनआईआईटी गोरखपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय एनुअल स्पोर्ट्स मीट–2026 का समापन रविवार को उत्साह, खेल भावना और रोमांचक मुकाबलों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल राम मोहन पांडेय, विशिष्ट अतिथि इंजीनियर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव तथा अध्यक्षता संस्थान के निदेशक शरद चंद्र त्रिपाठी (दीपक भईया) ने की। प्रतियोगिता का सफल संचालन सेंटर हेड अविनाश कुमार श्रीवास्तव ने किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल राम मोहन पांडेय ने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है। वहीं इंजीनियर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अध्ययन के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य हैं।

अतिथियों ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और ठंड के मौसम में भी पूरे उत्साह के साथ भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

क्रिकेट में दिखा जबरदस्त रोमांच

बॉयज क्रिकेट फाइनल में असुरन और सिविल लाइंस की टीम आमने-सामने रहीं। सिविल लाइंस ने 7 ओवर में 8 विकेट खोकर 56 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए असुरन की टीम ने मात्र 3 ओवर में 2 विकेट पर 57 रन बनाकर फाइनल जीत लिया। नंदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए और 3 विकेट भी झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

गर्ल्स क्रिकेट फाइनल में सिविल लाइंस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 4 विकेट पर 55 रन बनाए। जवाब में असुरन की टीम 6 ओवर में 4 विकेट पर 40 रन ही बना सकी। इस प्रकार सिविल लाइंस गर्ल्स टीम ने फाइनल जीत लिया। सलोनी तिवारी ने 30 रन की शानदार पारी खेलते हुए वूमन ऑफ द मैच का खिताब प्राप्त किया।

अन्य खेलों के परिणाम

बैडमिंटन (बॉयज): असुरन के मयूर एवं अखिलेश विजेता बने

बैडमिंटन (गर्ल्स): असुरन की सुहानी एवं श्रद्धा ने फाइनल जीता

गर्ल्स कबड्डी: असुरन ने सिविल लाइंस को 12–5 से हराकर खिताब जीता

दौड़ प्रतियोगिता

बॉयज दौड़: प्रथम – सत्यम, द्वितीय – विकास चौधरी, तृतीय – उपेंद्र

असुरन गर्ल्स दौड़: प्रथम – पूजा, द्वितीय – प्रिंसी, तृतीय – ज्योति

सिविल लाइंस गर्ल्स दौड़: प्रथम – निशा मौर्या, द्वितीय – मुस्कान रावत, तृतीय – सलोनी त्रिपाठी

कार्यक्रम में श्री अनूप दुबे, जितेंद्र कुमार, डॉ. पवन पांडे, मनोज गौर, अनुराग सिंह, राजेश सिंह, कॉलेज अध्यापकगण, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर खेल भावना और अनुशासन का संदेश सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना।