संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा

संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा

निष्पक्ष जन अवलोकन राम बाबू मिश्रा रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में रविवार को आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अविनाश पांडे ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को वर्तमान सरकार द्वारा संविधान पर किए जा रहे कथित हमलों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जिसका असर 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला, जहां इंडिया गठबंधन ने “400 पार” के लक्ष्य को रोक दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है और “हमारा वोट हमारी ताकत” के संकल्प के साथ प्रदेश में कांग्रेस को भारी बहुमत दिलाने का काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हुआ है और आर्थिक घोटालों में शामिल लोगों को संरक्षण मिला। सत्ता परिवर्तन होने पर ऐसे आरोपियों को वापस लाकर कार्रवाई की जाएगी। नेता विधानमंडल आराधना मिश्रा ने देवा महादेवा और पारिजात की धरती को नमन करते हुए कहा कि बाराबंकी क्रांतिकारियों की भूमि रही है। उन्होंने भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की महत्ता बताते हुए कहा कि इसी की बदौलत आम नागरिक सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भसमा प्रसाद मिश्रा ने की, जबकि संचालन शारिक अली शालू ने किया। आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान ने अतिथियों का स्वागत किया और वीरेंद्र प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, चेतनारायण, राजेंद्र प्रताप सिंह, दयानंद शुक्ला, रामदास वर्मा, भानु वर्मा, विनय मिश्रा, मनीष रावत, अकील अहमद, मोहम्मद शरीफ, विकास वर्मा सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान द्वारा क्षेत्र के दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के परिजनों को उनके चित्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।