बड़ी नहर पुल के निर्माण में देरी पर भड़के डीएम और विधायक।
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। शहर की बड़ी नहर पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में हो रही देरी को लेकर प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर कार्य की धीमी प्रगति देख जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि जनता की असुविधा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 10 दिन का दिया अल्टीमेटम जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि पुल का काम कछुआ गति से चल रहा है, जिसके कारण शहरवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियंता को सख्त निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर पुल पर स्लैब डालने का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करें ताकि यातायात बहाल हो सके। गुणवत्ता से समझौता नहीं। विधायक निरीक्षण के दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनवरी माह के भीतर हर हाल में पुल से आवागमन शुरू हो जाना चाहिए। विधायक ने अधिकारियों को हिदायत दी कि कार्य की गति बढ़ाने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। मार्च 2025 से चल रहा है काम विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पुल का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य मार्च 2025 में शुरू किया गया था। अधिशासी अभियंता विजय चन्द्र ने बताया कि अब तक 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, सहायक अभियंता रोहित त्रिपाठी सहित विभाग के कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।