लखनऊ में जनपद का मान बढ़ा: दो स्काउट मास्टर और तीन रोवर लीडर सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। गत दिवस लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय भव्य सम्मान समारोह में भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ महेंद्र सिंह एवं प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ प्रभात कुमार की उपस्थिति में जनपद के तीन उत्कृष्ट, कर्मठ और अनुशासनप्रिय रोवर लीडर एवं दो स्काउट मास्टर्स को प्रतिष्ठित हिमालय वुड बैज पार्चमेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा बीएससी ज्ञान प्रतियोगिता में गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्वी की रेंजर काजल देवी को पुरस्कृत किया गया । यह सम्मान वर्षों की निस्वार्थ सेवा, कठिन प्रशिक्षण,अनुकरणीय नेतृत्व और युवाओं के चरित्र निर्माण में दिए गए योगदान का प्रत्यक्ष प्रमाण माना जा रहा है।समारोह में जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए जिन तीन रोवर लीडर और दो स्काउट मास्टर प्रशिक्षकों को यह गौरव प्राप्त हुआ, जिनमें से रामदयाल रोवर लीडर,(बृजेंद्र ओपन रोवर क्रू), ललित कुमार यादव (जिला संगठन कमिश्नर स्काउट) आशीष साहू (भगत सिंह ओपन रोवर क्रू) सीताराम सिंह स्काउट मास्टर (प्राथमिक विद्यालय इटखरी) जानकी शरण (निषाद राज ओपन स्काउट दल )शामिल रहे। इन सभी ने स्काउट-गाइड आंदोलन के माध्यम से ग्रामीण अंचलों से लेकर नगर क्षेत्र तक युवाओं में अनुशासन, सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिमालय वुड बैज जैसे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सम्मान बहुत कम लोगों को प्राप्त होते हैं। यह केवल एक बैज नहीं, बल्कि वर्षों की साधना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की मुहर है। ऐसे प्रशिक्षक ही संगठन की रीढ़ होते हैं और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देते हैं।”सम्मान प्राप्त करने के बाद तीनों रोवर लीडर और दोनों स्काउट मास्टरों ने मंच से एक स्वर में कहा कि इस उपलब्धि का वास्तविक श्रेय उनके मार्गदर्शकों को जाता है। उन्होंने अपने जिला सचिव सुरेश प्रसाद और ट्रेनिंग कमिश्नर मोहनलाल दीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।समारोह के दौरान प्रदेश एवं जनपद स्तर के कई स्काउट-गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सभी प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जनपद के स्काउट आंदोलन के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि इस उपलब्धि से जिले के अन्य स्काउट मास्टरों और युवाओं को भी आगे बढ़ने और संगठन के लिए और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और शुभचिंतकों ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में जनपद के और भी प्रशिक्षक प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर जिले का नाम रोशन करेंगे।