यूपी पीसीएस में 22वीं रैंक पाने वाले आनंद राज सिंह का भव्य स्वागत

यूपी पीसीएस में 22वीं रैंक पाने वाले आनंद राज सिंह का भव्य स्वागत

निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा,

सोनभद्र।संत कीनाराम सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, लोढी राबर्टगंज में सोमवार को यूपी पीसीएस परीक्षा में 22वीं रैंक प्राप्त करने वाले आनंद राज सिंह के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। उनके गृह जनपद आगमन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं ने परिसर को फूल-मालाओं, पोस्टरों और बैनरों से सजा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

आनंद राज सिंह अपने माता-पिता के साथ जैसे ही विद्यालय पहुंचे, गाजे-बाजे के साथ उनका अभिनंदन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं संत कीनाराम महाराज की तस्वीर भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

अपने संबोधन में आनंद राज सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय संत कीनाराम महाराज के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान के अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय कम शुल्क में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर रहा है, जो एक आदर्श उदाहरण है। उन्होंने छात्रों को नियमित 8 से 10 घंटे अध्ययन करने, एकाग्रता बनाए रखने और परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मनुश्री, निदेशक अंकित सिंह, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।