टिकैतनगर में चतुर्थ भंडारे का भव्य आयोजन, देर रात तक चलता रहा प्रसाद वितरण

टिकैतनगर में चतुर्थ भंडारे का भव्य आयोजन, देर रात तक चलता रहा प्रसाद वितरण

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रत्नाकर पांडेय।

बाराबंकी। धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब नगर पंचायत टिकैतनगर में चतुर्थ भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए जगह-जगह प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां सुबह से देर रात तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही।

व्हाइट फेदर स्कूल के एमडी दयाशंकर सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए छोले-चावल और बूंदी की विशेष व्यवस्था की गई। स्वादिष्ट प्रसाद ग्रहण करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा और सेवा कार्य देर रात तक निरंतर चलता रहा।

इस दौरान संचालक दिवाकर सिंह सहित उनके मित्र और सहयोगी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में जुटे रहे। श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार और प्रसाद वितरण पूरी श्रद्धा एवं समर्पण भाव के साथ किया गया।

वहीं, कुछ ही दूरी पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दादा देवानंद की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भक्तों के लिए पूड़ी-सब्जी के प्रसाद की व्यवस्था की गई। “जय श्री राम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

दोनों स्थानों पर आयोजित भंडारों ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने आयोजकों की व्यवस्थाओं और सेवा कार्यों की सराहना की। देर रात तक पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।