जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न, जनहित योजनाओं की समीक्षा
निष्पक्ष जन अवलोकन | विनय सिंह |
बाराबंकी। शनिवार को गांधी सभागार, डीआरडीए में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद तनुज पुनिया ने की, जबकि सह-अध्यक्षता सांसद अवधेश प्रसाद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन द्वारा जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जिन पर अध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनावश्यक बाहरी दवाएं लिखने पर रोक लगाने के लिए भी कहा गया।
मनरेगा के अंतर्गत कार्यों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने एवं लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। समाज कल्याण विभाग को योजनाओं का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल परियोजनाओं में पाइपलाइन बिछाने के दौरान खराब हुई सड़कों को ठीक कराने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सहित अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर नल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता, डाकघर अधीक्षक एवं सहायक श्रम आयुक्त से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एमएलसी अंगद कुमार सिंह, विधायक धर्मराज सिंह यादव, विधायक गौरव कुमार रावत, विधायक दिनेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









