जिलाधिकारी ने किया नगर पंचायत मानिकपुर का औचक निरीक्षण; सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जताई तीव्र नाराजगी

जिलाधिकारी ने किया नगर पंचायत मानिकपुर का औचक निरीक्षण; सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जताई तीव्र नाराजगी
जिलाधिकारी ने किया नगर पंचायत मानिकपुर का औचक निरीक्षण; सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जताई तीव्र नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुरकित गर्ग द्वारा आज नगर पंचायत मानिकपुर के तिगलिया चौराहा से लेकर बस स्टैंड तक का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर की अत्यंत लचर साफ-सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक शिथिलता पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। प्रातःकालीन निरीक्षण के दौरान कोई भी सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं पाया गया और पूरे कस्बे में गंदगी का अंबार देखने को मिला। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मानिकपुर को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 06:00 बजे सभी सफाई कर्मचारियों की सामूहिक उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए तथा उनकी उपस्थिति की फोटो विभागीय ग्रुप पर अनिवार्य रूप से साझा की जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत मानिकपुर को निर्देश दिये की सभी सफाई कर्मचारी अपने यूनिफार्म में रहेंगे यह सुनिश्चित कराएं। नगर क्षेत्र में फुटपाथ पर काफी अतिक्रमण पाया गया जिलाधिकारी ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि फुटपाथ केवल आमजन के आवागमन के लिए हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किए कि फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों की सामग्री जब्त कर उनके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार जुर्माने आदि की कार्रवाई की जाए। मानिकपुर के वार्ड संख्या 10 (आर्य नगर मोड़) पर संचालित एक जलेबी की दुकान को मुख्य मार्ग से हटाकर पास की गली में व्यवस्थित रूप से स्थापित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किए कि रोड पर कोई भी बस नहीं खड़ी रहनी चाहिए यह सुनिश्चित कराएं अगर बस संचालक नहीं मानते तो सीज कराएं। नवोदय विद्यालय के समीपवर्ती क्षेत्रों और खाली पड़े भूखंडों (प्लॉट्स) पर व्याप्त गंदगी को तत्काल साफ कराने के कड़े निर्देश दिए गए। यदि नगर वासियों द्वारा कूडा एवं गन्दगी फैलाई जाती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मानिकपुर को निर्देशित किए कि जब तक पूरे नगर क्षेत्र की मुस्तैदी से साफ-सफाई कराकर उसकी साक्ष्य सहित रिपोर्ट (फोटोग्राफ्स) प्रेषित की जाय तब तक अधिशासी अधिकारी का वेतन आहरित न किया जाए। इसके बावजूद भी यदि नगर क्षेत्र में समुचित साफ सफाई नहीं कराई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु शासन को संस्तुति भेज दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भारत सिंह सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।