कैसरबाग डिपो की बस की टक्कर से युवक गंभीर घायल, चालक फरार

कैसरबाग डिपो की बस की टक्कर से युवक गंभीर घायल, चालक फरार


निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुड़ रहे एक बाइक सवार युवक को सामने से आ रही परिवहन निगम की कैसरबाग डिपो की बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बस के नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान ग्राम पंचायत हरीनारायणपुर निवासी विजयपाल उर्फ लड्डर (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र दुखहरण धीमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से गणेशपुर गए थे और वापस लौटते समय चौकाघाट मोड़ पर हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लखनऊ से बहराइच की ओर जा रही कैसरबाग डिपो की बस संख्या यूपी 32 टीएन 2618 तेज रफ्तार में थी और सामने से बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कपड़े उतारकर जंगल के रास्ते फरार हो गया।

हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र यादव व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बस को किनारे कराकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।