25 मई से 10 जून तक मिलेगा मुफ्त राशन
निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा। आगरा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को 25 मई से 10 जून तक निःशुल्क राशन वितरित किया जाएगा। केंद्र सरकार की मुफ्त खाद्यान्न योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा एनएफएसए से आच्छादित लाभार्थियों को 01 जनवरी 2024 से अगले पांच वर्षों तक मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलो गेहूं, 9 किलो चावल, 4 किलो बाजरा और 1 किलो मक्का सहित कुल 35 किलो खाद्यान्न निःशुल्क वितरित किया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं, 1 किलो चावल, 1 किलो बाजरा और 1 किलो मक्का सहित कुल 5 किलो राशन मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यदि मोटे अनाजों का स्टॉक समाप्त हो जाता है तो उसके स्थान पर अतिरिक्त गेहूं और चावल का वितरण किया जाएगा। अन्त्योदय कार्डधारकों को 21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल, जबकि पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को प्रति यूनिट 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल दिया जाएगा। उन्होंने सभी राशन कार्डधारकों से निर्धारित तिथि के भीतर उचित दर विक्रेता की दुकान से राशन प्राप्त करने की अपील की है।









