सड़क सुरक्षा माह का आगाज यातायात नियमों के उल्लंघन पर 129 वाहनों के चालान
निष्पक्ष जन अवलोकन। अरविन्द कुमार पटेल। ललितपुर। जनपद में 'राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह' के अंतर्गत यातायात पुलिस ने जन-जागरूकता अभियान को गति दे दी है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों पर अभियान चलाकर लोगों को जीवन रक्षा का पाठ पढ़ाया और नियमों की अनदेखी करने वाले 129 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को जागरूक किया। यातायात पुलिस ने विशेष रूप से जोर दिया कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। कोहरे को लेकर सावधानी की अपील बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए पुलिस ने चालकों को सलाह दी कि वे वाहनों की गति धीमी रखें और आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर का सही उपयोग करने तथा हाई बीम से बचने की अपील की गई। नशे में ड्राइविंग पर सख्त चेतावनी अभियान के दौरान 'ड्रिंक एंड ड्राइव' को लेकर विशेष हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है, जिससे दूसरों की जान को भी खतरा होता है। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 129 वाहनों के ऑनलाइन चालान काटे गए। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं।