बिल्सी मे महावीर जयंती पर फूलों की वर्षा के बीच निकली शोभायात्रा,उमड़ा जनसैलाब, ट्रैफिक अव्यवस्था पर पुलिस के खिलाफ अनुयायिओं का फूटा आक्रोश,

निष्पक्ष जन अवलोकन

बिल्सी मे महावीर जयंती पर फूलों की वर्षा के बीच निकली शोभायात्रा,उमड़ा जनसैलाब, ट्रैफिक अव्यवस्था पर पुलिस के खिलाफ अनुयायिओं का फूटा आक्रोश,

बदायूं/बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो स्थित प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर के तत्वावधान में सोमवार को भगवान महावीर स्वामी की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ रथ पर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा विराजमान की गई, जिसमें प्रशांत कुमार जैन विराजमान हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर में बोली प्रक्रिया से हुई, जिसमें खवासी की बोली प्रशांत कुमार जैन, सारथी की बोली विकास जैन (मेरठ) तथा कुबेर की बोली निखिल जैन ने ली। इसके बाद शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर बालाजी तिराहा, सर्राफा बाजार, मुख्य बंबा चौराहा, कटरा बाजार, जैन मार्केट होते हुए मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा पुनः नगर भ्रमण करते हुए अमर कोल्ड स्टोरेज स्थित पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंची और अंत में ज्वाला प्रसाद जैन जूनियर हाईस्कूल पर विसर्जित हुई। बाद में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को पुनः मंदिर में विधि-विधान के साथ विराजमान कराया गया। शोभायात्रा का नगर के व्यापारियों ने जगह-जगह फूल वर्षा कर स्वागत किया। झांकियों को देखने के लिए नगर सहित आसपास क्षेत्रों से भारी संख्या में जैन समाज के लोग पहुंचे। महिलाएं मंगल गीत गाते हुए शोभायात्रा के पीछे चल रही थीं, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस आयोजन को सफल बनाने में मृगांक कुमार जैन, अनिल जैन सोनी, भूपेंद्र जैन, आशीष जैन, अरविंद जैन, ममता जैन, अर्चना जैन, रीता जैन, रेखा जैन सहित जैन समाज के सभी लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ट्रेफिक अव्यवस्थाओं पर फूटा गुस्सा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी महावीर जयंती शोभायात्रा के दौरान बिल्सी थाना पुलिस की व्यवस्थाओं को लेकर जैन समाज में भारी नाराजगी देखने को मिली। अनुयायियों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा बाजार में ट्रैफिक नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे शोभायात्रा के दौरान भारी जाम की स्थिति बनी रही। शोभायात्रा के बीच सभी प्रकार के वाहन चलते रहने से श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ “हाय-हाय” के नारे लगाते हुए आक्रोश जताया। अनुयायियों का कहना था कि शोभायात्रा के समय पुलिस को मार्ग को पूरी तरह ट्रैफिक मुक्त करना चाहिए था, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न होती। हालांकि, आक्रोश की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू कराया।