बहन ने प्रेमी संग मिलकर की अनुष्का की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

बहन ने प्रेमी संग मिलकर की अनुष्का की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

निष्पक्ष जन अवलोकन सूरतगंज-बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में गुरुवार दोपहर 11 वर्षीय अनुष्का की गला दबाकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका की बड़ी बहन काजल मौर्या ने अपने प्रेमी शोभाराम चौहान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, अनुष्का ने दोनों को गेहूं के खेत में आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और परिजनों को बताने की बात कही थी। इसी से नाराज होकर दोनों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बताया गया कि 26 मार्च की शाम बसारी गांव निवासी रामेन्द्र उर्फ रामू मौर्या की बेटी अनुष्का का शव गांव के ही जगदीश के गेहूं के खेत में मिला था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। एसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने सर्विलांस व इंटेलीजेंस की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बहन काजल मौर्या और उसके प्रेमी शोभाराम चौहान (निवासी लोनियनपुरवा) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अंकित त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।