बरोलिया गांव में दिनेश कुमार विश्वकर्मा के घर लगी आग पर कडी मशक्कत के बाद काबू पाया गया
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौली गौसपुर । क्षेत्र के बरौलिया गांव में गुरुवार दोपहर एक छप्पर के मकान में आग लग गई। इस घटना में घर में रखा हजारों रुपये का सामान और नकदी जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर सिरौलीगौसपुर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, आग की लपटें तेज होने लगीं। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे इस पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिरौलीगौसपुर फायर ब्रिगेड की टीम प्रभारी रामसनेही के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझने तक बरौलिया गांव निवासी दिनेश कुमार विश्वकर्मा पुत्र समयदीन के घर में रखा हजारों रुपये का सामान पूरी तरह जल चुका था। पीड़ित दिनेश कुमार के अनुसार, आग में बेड, अनाज, कपड़े, नगद रुपये सहित और घर का अन्य सभी सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।फायर ब्रिगेड के रामसनेही के अनुसार करीब एक लाख रुपए का नुक़सान बताया जा रहा है।