तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल
कृष्ण गुप्ता की हालत नाजुक, पुलिस ने शुरू की जांच
निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को बांदा–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटियारा रानी बाजार के समीप तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान कस्बा रामनगर निवासी कृष्ण गुप्ता पुत्र सचिन गुप्ता तथा धमेड़ी निवासी अमित पुत्र बलराम मिस्त्री के रूप में हुई है। दुर्घटना में कृष्ण गुप्ता की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर तेज गति से आ रहा था और अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया, जिसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर सड़क पर आवागमन सुचारु कराया। वहीं, घटनाग्रस्त डंपर की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।