तहसील बार चुनाव आज : तीन पदों पर सीधी टक्कर, तीन पदों पर निर्विरोध चयन
अधिवक्ताओं में उत्साह, न्यायालय परिसर में गहमागहमी; मतदान सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक, परिणाम आज ही होंगे घोषित
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। चुनाव आज शुक्रवार, 14 नवम्बर को तहसील परिसर में सम्पन्न होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगी और परिणाम आज ही घोषित किए जाएंगे। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष एवं चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश मणि त्रिपाठी के अनुसार जांच और पर्चा वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कुल छह प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
अध्यक्ष पद के लिए सत्यानंद पाण्डेय और आनंद कुमार सिंह के बीच सीधी भिड़ंत होगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर बी.के. सिंह और रामेश्वर मणि त्रिपाठी आमने-सामने हैं, जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए सत्यपाल यादव और पंकज कुमार शुक्ला के बीच मुकाबला रहेगा। इसी बीच तीन पदों पर निर्विरोध चयन हो चुका है। महामंत्री पद पर विनोद कुमार पाठक, कनिष्ठ मंत्री पद पर कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष पद पर शशि भूषण मिश्रा निर्विरोध चुने गए हैं।
प्रचार रंग चढ़ा, दफ्तरों में चर्चा गर्म
चुनाव से पूर्व गुरुवार को पूरे दिन अधिवक्ता समुदाय में गहमा-गहमी बनी रही। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया था। न्यायालय परिसर, अधिवक्ता कक्षों और गलियारों में उम्मीदवारों की चर्चा जोरों पर रही। वरिष्ठ अधिवक्ताओं से लेकर युवा वकीलों तक ने अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के समर्थन में पूरा मोर्चा संभाले रखा। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और बार समिति द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर उत्साह चरम पर है और आज तहसील परिसर का माहौल पूर्णतः चुनावी रंग में रंगा रहेगा।