तहसील बार एसोसिएशन चुनाव : अंतिम दिन 6 पर्चे खरीदे गए
14 नवंबर को होगा मतदान, ढाई बजे से होगी मतगणना
निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील बार एसोसिएशन रुद्रपुर के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन सोमवार को कुल छह प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे। इसमें अध्यक्ष पद के लिए बृजबिहारी पाण्डेय, महामंत्री के लिए आनंद शंकर मणि, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए बृजकिशोर सिंह, उपाध्यक्ष पद के लिए सत्यपाल यादव और पंकज शुक्ला तथा कनिष्ठ मंत्री पद के लिए कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी ने नामांकन किया। बता दें कि, आज ही पर्चों की जांच होनी थी, लेकिन एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश मणि त्रिपाठी से अंतिम समय तक संपर्क न हो पाने के कारण प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि, अध्यक्ष पद के लिए आनंद कुमार सिंह, बृजबिहारी पाण्डेय और सत्यानंद पाण्डेय के बीच त्रिकोणीय मुकाबला तय माना जा रहा है। महामंत्री पद पर आनंद शंकर मणि और विनोद पाठक में टक्कर है, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर बी.के. सिंह और रामेश्वर मणि त्रिपाठी आमने-सामने होंगे। उपाध्यक्ष पद के लिए सत्यपाल यादव और पंकज शुक्ला में सीधी भिड़ंत होगी। कोषाध्यक्ष पद पर शशिभूषण मिश्र तथा कनिष्ठ मंत्री पद पर कृष्णमूर्ति मणि त्रिपाठी निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। पर्चा वापसी की अंतिम तिथि 11 नवंबर निर्धारित है। चुनाव 14 नवंबर को होगा और मतदान के बाद दोपहर ढाई बजे से मतगणना शुरू होगी। परिणाम की घोषणा उसी दिन कर दी जाएगी। गौरतलब है कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने 15 नवंबर से 15 फरवरी के बीच किसी भी बार एसोसिएशन में चुनाव कराने पर रोक लगाई है। इसी कारण एल्डर्स कमेटी ने नियमों के अनुरूप 14 नवंबर को ही मतदान की तिथि तय की। इस पर वर्तमान अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने आपत्ति जताई थी, मगर कमेटी ने चुनाव प्रक्रिया जारी रखी।