औरंगाबाद टप्पा जामनी मार्ग पर बनेगा लघु सेतु-विधायक हरीश शाक्य
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी, संवाददाता | बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के हरदतपुर औरंगाबाद टप्पा जामनी मार्ग से नगला वरन मार्ग पर 44.74 लाख से लघु सेतु का निर्माण कराया जायेगा। इसके लिए विधायक हरीश शाक्य के प्रयास से मंजूरी मिल गयी है। इस लघु सेतु के बनने से कई गांवों के लिए लाभ मिलेगा। लघु सेतु मंजूर होने पर लोग खुश हैं और विधायक की प्रशंसा कर रहे हैं। बिल्सी विधायक ने शुक्रवार को गेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लघु सेतु मंजूरी की जानकारी दी। विधायक ने बताया कि पूर्व में आई बाढ़ के सैलाब में यहां बनी पुलिया बह गई थी। जिससे मार्ग अत्यंत क्षतिग्रस्त हो गया था और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लघु सेतु के निर्माण के बाद दर्जनों गांवों के बीच आपसी संपर्क बेहतर होगा और यातायात सुगम हो जाएगा। इससे क्षेत्रीय जनता, विशेषकर किसानों को काफी राहत मिलेगी। कृषि कार्यों के साथ- साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की हर समस्या उनकी प्राथमिकता में शामिल है और उसके समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। विधानसभा क्षेत्र के हरदतपुरऔरंगाबाद टप्पा जामनी मार्ग से नगला वरन मार्ग पर लघु सेतु निर्माण को मंजूरी मिल गयी है। लघु सेतु 44.74 लाख से बनकर तैयार होगा। लघु सेतु बनने पर हरदतपुर औरंगाबाद टप्पा जामनी, नगला वरन समेत आसपास के कई गांवों को लाभ मिलेगा। -हरीश शाक्य, बिल्सी विधायक जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता विधायक ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सुदृढ़ सड़क व्यवस्था क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। बिल्सी विधानसभा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वह लगातार कार्य कर रहे हैं और आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।









