• सहकारी ग्राम विकास बैंक चुनाव: भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मुरारी शर्मा का चुना जाना तय

• सहकारी ग्राम विकास बैंक चुनाव: भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मुरारी शर्मा का चुना जाना तय

निष्पक्ष जन अवलोकन

 राहुल शर्मा

मथुरा 

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा प्रतिनिधि के चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। ब्लॉक मुख्यालय पर निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी, एडीओ कृषि राजदीप सिंह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कृष्ण मुरारी शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक चली। इस दौरान ब्लॉक परिसर में भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। निर्धारित समय सीमा तक किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाने के कारण कृष्ण मुरारी शर्मा का शाखा प्रतिनिधि पद के लिए चुना जाना तय माना जा रहा है। हालांकि निर्वाचन नियमों के अनुसार चुनाव परिणाम की विधिवत और औपचारिक घोषणा आगामी 22 जनवरी को की जाएगी। निर्वाचन अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बताया। नामांकन के दौरान भाजपा के कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें पंकज प्रकाश (विधायक प्रतिनिधि), चौधरी सतपाल सिंह (जिला महामंत्री भाजपा), हरवीर सिंह रावत (अध्यक्ष क्षेत्रीय गोदाम राया), पूर्व अध्यक्ष राकेश शर्मा, अरविंद शर्मा, भानु प्रताप एडवोकेट, राजेश चौधरी (मंडल अध्यक्ष सोनई), रामकुमार उपाध्याय (मंडल अध्यक्ष राया) सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता केरण सिंह रावत, मूली शर्मा, राकेश बंसल, कुलदीप शास्त्री, कृष्णा उपमन्यु आदि मौजूद रहे। इस चुनाव को भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा साधारण से साधारण कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ाने का कार्य करती है और कृष्ण मुरारी शर्मा इसका सशक्त उदाहरण हैं। स्थानीय स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को और गति मिलेगी।