सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, धैर्य और संघर्ष ही असली पूँजी – डॉ. प्रत्युष कुमार

निष्पक्ष जन अवलोकन। रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
ईटीएच ज्यूरिख के सीनियर साइंटिस्ट ने छात्रों को लक्ष्य, स्मार्ट वर्क और सही समूह चुनने का दिया संदेश
रुद्रपुर (देवरिया)। बुद्धा सेंट्रल एकेडमी में गुरुवार को करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता सीनियर साइंटिस्ट डॉ. प्रत्युष कुमार भारत रहे, जो 1.2 करोड़ के वार्षिक पैकेज पर ETH ज्यूरिख (स्विट्ज़रलैंड) में पोस्ट डॉक्टोरल रिसर्च के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन व माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्कूल के संचालक संजय कुमार यादव व प्रधानाचार्य आरके प्रसाद ने उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
डॉ. प्रत्युष ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को जीवन में सफलता पाने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि, सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। हमें अक्सर लगता है कि सफल लोग सीधे रास्ते से अपने लक्ष्य तक पहुँच जाते हैं, लेकिन सच यह है कि हर सफलता के पीछे संघर्ष और धैर्य छिपा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सबसे पहले अपना लक्ष्य स्पष्ट करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज केवल कठिन परिश्रम (Hard Work) ही नहीं, बल्कि स्मार्ट वर्क, आत्मविश्वास और सही समूह का होना भी बेहद आवश्यक है। ऐसा समूह चुनें जहाँ ईर्ष्या नहीं बल्कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना हो। उन्होंने धैर्य को सफलता का सबसे बड़ा मंत्र बताया। सेमिनार में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुख्य वक्ता से प्रश्न पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। सह संचालक बेबी यादव ने सभी के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर संजय कुमार गुप्ता अबोध, तन्मय दत्त, प्रतीक सिंह, अनूप यादव, आकाश कुमार, अर्चना कशौधन, मनीषा निषाद, बंदना यादव, नंदनी राय, पिंकी चौहान, किरण चौहान, केशी विश्वकर्मा, गीता देवी, रामबेश यादव सहित सभी बच्चे उपस्थित रहे।