शराब के नशे में ट्रैक्टर चालक ने दिव्यांग मजदूर को मारी टक्कर, पैर टूटने का आरोप

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहे चालक ने एक दिव्यांग मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर टूट गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित सुबेदेव पुत्र ज्योहरी प्रसाद निवासी हल्दीदाड़ी ने पुलिस अधीक्षक चित्रकूट को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे उनके बड़े भाई रमेश सेन पुत्र ज्योहरी प्रसाद मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। रमेश सेन दिव्यांग बताए गए हैं। इसी दौरान होटल के पास हल्दीदाड़ी में ट्रैक्टर चालक सुनील पुत्र ज्ञान सिंह तेज गति और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए पहुंचा और रमेश सेन को टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर उनके भाई के पैर पर चढ़ा दिया, जिससे पैर गंभीर रूप से घायल होकर टूट गया। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी चालक के नशे में होने की बात कही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे के बाद आरोपी ने इलाज का खर्च देने का भरोसा दिया था, लेकिन अब वह मुकर गया है। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि आरोपी ने कहा कि यदि एफआईआर कराई गई तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।