मुख्य विकास अधिकारी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जनपद के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल महर्षि वाल्मीकि आश्रम में मेला समापन के उपरांत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल द्वारा किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं स्वच्छता का संदेश दिया। मेले के दौरान एकत्रित हुए कूड़े-कचरे को हटाने के लिए अधिकारियों और सफाई कर्मियों की टीम ने पूरे आश्रम परिसर में सफाई अभियान चलाया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि आश्रम की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखने के लिए यहाँ नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीडीओ डी पी पाल ने अपील की कि मेले एवं अन्य आयोजनों में प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार किया जाए। उन्होंने दोना-पत्तल जैसे प्राकृतिक विकल्पों के प्रयोग पर बल दिया, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत को निर्देशित किया गया कि वे भविष्य में भी कूड़ा प्रबंधन की उचित व्यवस्था बनाए रखें। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटिहार, उपजिलाधिकारी मुहम्मद जसीन, खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत उपस्थित थे।






