अवैध पार्किंग पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री, एफआईआर कर जेल भेजने के निर्देश

फतेहपुर सीकरी में अवैध निर्माण पर टेक्निकल टीम गठित करने के आदेश सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी, गलत आंकड़ों की जांच के निर्देश

अवैध पार्किंग पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री, एफआईआर कर जेल भेजने के निर्देश
अवैध पार्किंग पर सख्त हुए प्रभारी मंत्री, एफआईआर कर जेल भेजने के निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन। शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा।

आगरा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को नवीन सर्किट हाउस सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध पार्किंग, बिजली व्यवस्था, अवैध खनन, सिंचाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में अवैध निर्माण जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में सबसे पहले पुलिस विभाग की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अपराध एवं कानून व्यवस्था से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने रामबाग सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध पार्किंग और अवैध वसूली का मुद्दा उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नगर निगम के नाम पर अवैध पार्किंग चलाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने के निर्देश दिए। बैठक में अवैध बालू, मोरंग, मिट्टी और पत्थर खनन का मुद्दा भी उठा। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी मनीष बंसल को जनप्रतिनिधियों से गोपनीय रिपोर्ट लेकर औचक निरीक्षण करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बिना नंबर के डंपरों के खिलाफ अभियान चलाने और ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने को कहा गया। फतेहपुर सीकरी स्मारकों के आसपास अवैध निर्माण की शिकायतों पर प्रभारी मंत्री ने प्रशासन और एएसआई की संयुक्त टेक्निकल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान टेल तक पानी न पहुंचाने और गलत आंकड़े प्रस्तुत करने के आरोपों पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए एसडीएम स्तर से आंकड़ों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के बैठक में अनुपस्थित रहने पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर जलने के बाद रिप्लेसमेंट में देरी पर बिजली विभाग को फटकार लगाई गई। प्रभारी मंत्री ने फुंके ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने और तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी मनीष बंसल को समस्त व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में महापौर हेमलता दीवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, बाबूलाल, धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, आकाश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मंत्री बेबी रानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा, नगर आयुक्त संतोष वैश्य, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।