पचपेड़वा में पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण में अनियमितता, गुणवत्ता पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन। संवाददाता बदरुजमा चौधरी। पचपेड़वा (बलरामपुर )क्षेत्र में बन रही पीडब्ल्यूडी सड़क को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। जानकारी के अनुसार लगभग 1500 मीटर लंबी यह सड़क ग्राम पंचायत कल्याणपुर, बरगदवा हरिया चंद्रसी सेइफन के पास गांव को जोड़ने के लिए बनाई जा रही है। यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। सड़क में प्रयोग की जा रही सामग्री मानक के अनुरूप नहीं है, जिससे इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि काम जल्दबाजी में और लापरवाही के साथ कराया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में सड़क के खराब होने की आशंका बनी हुई है। मौके पर निरीक्षण के दौरान भी कई खामियां देखने को मिलीं। सड़क की सतह सही तरीके से तैयार नहीं की जा रही है और निर्माण प्रक्रिया में तय मानकों का पालन नहीं हो रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और उन्होंने उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है। इस संबंध में जब संवाददाता ने निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार व्यक्ति चेतराम जाई से दूरभाष पर संपर्क किया, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा, “आपको जो खबर छापनी है, छाप दीजिए,” जिससे मामले को लेकर उनकी कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ आम जनता को भी खराब सड़क का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच कर दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।









