पचपेडवा विकासखंड में मनरेगा और पंचायत भवन निर्माण में भारी भ्रष्टाचार, जांच के नाम पर खानापूर्ति

पचपेडवा विकासखंड में मनरेगा और पंचायत भवन निर्माण में भारी भ्रष्टाचार, जांच के नाम पर खानापूर्ति

निष्पक्ष जन अवलोकन। बलरामपुर जनपद के पचपेडवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दुबौलिया और मिश्रौलिया में मनरेगा तथा पंचायत भवन निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दुबौलिया में फर्जी तरीके से मनरेगा चलाई जा रही है। आरोप है कि पुराने फोटो और फोटो से फोटो अपलोड कर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है। कुल 9 मास्टर रोल में 58 मजदूरों की ऑनलाइन अटेंडेंस दिखाई गई, लेकिन जब मीडिया की टीम कार्यस्थल पर पहुंची तो एक भी मजदूर मौके पर मौजूद नहीं मिला। वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत मिश्रौलिया में निर्माणाधीन पंचायत भवन को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। कच्ची ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है तथा बालू और सीमेंट का गलत अनुपात मिलाकर घटिया निर्माण कराया जा रहा है। इससे पंचायत भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में वीडियो मोहित दुबे को लिखित शिकायत पत्र सौंपा, लेकिन आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं की गई और शिकायत को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इसके बाद असंतुष्ट ग्रामीणों ने जिला स्तर पर मनरेगा लोकपाल को शिकायत दी। जिला से जांच टीम तो आई, लेकिन जांच को सिर्फ औपचारिकता बताया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सही जांच करने के बजाय उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान महेंद्र कुमार यादव, संदीप सचिव तथा वीडियो मोहित दुबे की मिलीभगत से आज भी वही कार्य उसी तरह कराया जा रहा है। शिकायत के बावजूद न तो निर्माण की गुणवत्ता सुधरी और न ही मनरेगा में पारदर्शिता आई। आरोप है कि शिकायतकर्ता को प्रधान द्वारा धमकी भी दी गई। पचपेडवा विकासखंड से थोड़ी ही दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत मिश्रौलिया आज भ्रष्टाचार की सीमा पर खड़ी नजर आ रही है। मनरेगा से लेकर पंचायत भवन तक गरीबों के रोजगार और विकास के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे, या फिर ऐसे ही गरीबों के हक पर डाका डाला जाता रहेगा।