थाना परिसर में नवनिर्मित बहुउद्देशीय कक्ष का लोकार्पण
बैठकों व समाधान दिवस के लिए बेहतर व्यवस्था, खर्च में भी होगी बचत
निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। थाना रामनगर परिसर में नवनिर्मित बहुउद्देशीय कक्ष का लोकार्पण मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण एवं करतल ध्वनि के बीच शिलापट का अनावरण भी किया गया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बहुउद्देशीय कक्ष के निर्माण से थाना परिसर में आयोजित होने वाली बैठकों, थाना समाधान दिवस एवं अन्य प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए अब बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। अधिकारियों, कर्मचारियों तथा फरियादियों को धूप और वर्षा से राहत मिलेगी, साथ ही कार्यक्रमों के लिए अलग से टेंट या अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च भी बचेगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नवनिर्मित कक्ष की भव्यता और सुविधाओं का अवलोकन कर पुलिस अधीक्षक संतोष व्यक्त करते नजर आए।
इस अवसर पर तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव, डॉ. स्वपनिल सिंह, इंस्पेक्टर सुभाष यादव, उपनिरीक्षक बीपी सिंह, चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनंदन पांडे, उपनिरीक्षक सत्रोहन सहित भारी पुलिस बल एवं स्थानीय पत्रकारगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि यह बहुउद्देशीय कक्ष जनसुनवाई एवं प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।