मिशन शक्ति अभियान में छात्रा बनी एक दिन की ‘कोतवाल’, बढ़ाया नारी सशक्तिकरण का मान

मिशन शक्ति अभियान में छात्रा बनी एक दिन की ‘कोतवाल’, बढ़ाया नारी सशक्तिकरण का मान

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कोतवाली बड्डूपुर में छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने एवं भयमुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। इस दौरान युगांतर विद्या मंदिर की छात्रा अंशिका देवी को एक दिन के लिए बड्डूपुर कोतवाली का “कोतवाल” बनाया गया। नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली इस पहल के तहत अंशिका देवी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कोतवाली परिसर में आगंतुक रजिस्टर, कार्यालय कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कक्ष एवं हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। यातायात सुरक्षा के प्रति सजगता दिखाते हुए अंशिका देवी ने वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सोनकर, वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेन्द्र मिश्रा, महिला कांस्टेबल महिमा पांडेय एवं अनुराधा बाजपेई ने छात्राओं को मिशन शक्ति, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सूर्यातोष सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार, सुनील हर्ष, शिक्षिका प्रिया वर्मा एवं दिव्या सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।