जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में ‘किसान दिवस’ संपन्न; समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में ‘किसान दिवस’ संपन्न; समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में ‘किसान दिवस’ संपन्न; समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में ‘किसान दिवस’ का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उर्वरक उपलब्धता, चकबंदी, मंडी समिति, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना आदि के अंतर्गत पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र किसान तक पहुँचने में विलंब अक्षम्य होगा। किसानों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री की समय सीमा बढ़ाने की मांग पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए इसके विस्तार हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, किसानों की सुविधा हेतु जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम सचिवालयों में सचिव एवं लेखपाल की उपस्थिति का एक निश्चित रोस्टर/शेड्यूल जारी करें, ताकि स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का समाधान हो सके। ग्राम पंचायत बियावल में फसल बीमा लाभ से वंचित 118 किसानों के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए। मऊ स्थित नवीन गेहूं क्रय केंद्र पर बोरों की अनुपलब्धता की शिकायत पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी को स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने किसानों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ दलहन, ज्वार, बाजरा एवं मोटे अनाजों ( श्री अन्न)की खेती पर विशेष ध्यान दें, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो सके और किसानों की आय में वृद्धि हो। विद्युत बिलिंग से संबंधित विसंगतियों के निस्तारण हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान हेतु निर्देशित किया गया। अतरौली माफी गौशाला की स्थिति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इच्छुक स्वयंसेवी संस्थाएं (NGOs) गौशाला संचालन हेतु आगे आ सकती हैं। उन्होंने किसान यूनियन के सदस्यों से अपील की कि वे ग्राम पंचायतों में संवाद स्थापित कर सुनिश्चित करें कि गौवंशों को खुला न छोड़ा जाए। रेहुटिया में नाला कटान की समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थल निरीक्षण कर मनरेगा के माध्यम से कार्य योजना (प्रस्ताव) तैयार करें, ताकि कटान को रोका जा सके। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक संदर्भ को समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीडीपी पाल, उप कृषि निदेशक राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला, अग्रणी जिला प्रबंधक अनुराग शर्मा, खाद्य एवं विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा सहित संबंधित अधिकारी व प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।