गौरा बाजार–बास्तेपुर रोड बना ‘रेसिंग ट्रैक’, नवयुवकों के स्टंट से मंडरा रहा हादसे का खतरा
शाम ढलते ही तेज रफ्तार बाइक रेसिंग, राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल, पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन
शहर के गौरा बाजार से बास्तेपुर जाने वाला डामर रोड इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम होते ही यह सड़क ‘रेसिंग ट्रैक’ में तब्दील हो जाती है, जहां नवयुवक तेज रफ्तार बाइक दौड़ाते हुए खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं।
बताया जा रहा है कि रोजाना शाम करीब 6 बजे के बाद यहां बाइक रेसिंग का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो देर रात तक चलता रहता है। इस दौरान सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए निकलना बेहद कठिन हो जाता है। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइकों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग पर शाम के समय बड़े वाहनों की भी भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में बाइक रेसिंग और स्टंट की वजह से दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है। कई बार बाइक सवार अचानक कट मारते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतने व्यस्त और संवेदनशील इलाके में पुलिस की मौजूदगी लगभग ना के बराबर है। न तो कोई ट्रैफिक पुलिस दिखाई देती है और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इससे मनचलों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने का कहना है कि इस समस्या पर तुरंत ध्यान दिया जाए। सड़क पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, स्पीड चेकिंग अभियान चलाया जाए और स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़क पर चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाने की भी मांग की गई है।
यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों का कहना है कि प्रशासन की थोड़ी सी सख्ती कई जिंदगियां बचा सकती है।
(अपील):
“सुरक्षित शहर के लिए जरूरी है जिम्मेदार नागरिक और सतर्क प्रशासन।”









