ऑपरेशन टेबल पर मौत: ‘लापरवाही या साजिश?’—युवक की मौत पर उठे गंभीर सवाल
गोरखपुर में ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत पर बवाल, पोस्टमार्टम में तीन स्पंज मिलने के बाद परिजनों ने लगाया हत्या जैसा आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
विभव पाठक
निष्पक्ष जन अवलोकन
गोरखपुर। आनंद लोक हॉस्पिटल में 27 वर्षीय अभिषेक मद्धेशिया की ऑपरेशन के दौरान हुई मौत अब एक बड़े विवाद में बदल गई है। इस घटना को लेकर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे ‘हत्या जैसा कृत्य’ करार दिया है।
बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल को ऑपरेशन के दौरान अभिषेक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए, उसने मामले को और गंभीर बना दिया। रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के पेट में तीन स्पंज पाए गए और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। इस खुलासे के बाद परिजनों ने सीधे तौर पर डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
मृतक के परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान इस तरह की स्थिति सामान्य नहीं हो सकती और यह सीधी-सीधी घोर लापरवाही या जानबूझकर की गई गंभीर चूक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला सिर्फ लापरवाही का नहीं, बल्कि ‘हत्या जैसी परिस्थिति’ का है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, इस पूरे मामले में डॉक्टर आनंद अग्रवाल ने प्रेस वार्ता कर अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के दौरान स्पंज का उपयोग एक सामान्य प्रक्रिया है और मरीज की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इंकार किया है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह मामला जांच के दायरे में है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।









