भारत मंडपम नई दिल्ली में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा भारतीय व्यापार महोत्सव
देशभर से 1500 से अधिक स्टाल लगने का लक्ष्य, आगरा से रोहित कत्याल ने दी जानकारी
दैनिक निष्पक्ष जन अवलोकन।
शिवम् सिकरवार ब्यूरो चीफ आगरा।
आगरा। भारत मंडपम, प्रगति मैदान नई दिल्ली में आत्मनिर्भर भारत को समर्पित भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026 का आयोजन 12 से 15 अगस्त तक किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के कार्यक्रम में महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की।
कैट आगरा के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोहित कत्याल ने बताया कि महोत्सव का संयुक्त आयोजन आईटीपीओ व कैट द्वारा किया जाएगा। इसमें देशभर के उद्यमी, स्टार्टअप और महिला उद्यमी शामिल होंगे। हर प्रदेश से 50 से 100 स्टाल आवंटित कर कुल 1500 से अधिक स्टाल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बंगाल, बिहार, उत्तराखंड आदि प्रदेशों से सबसे ज्यादा स्टाल आने की संभावना है।
कार्यक्रम में वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाए गए 7 सुझावों पर चर्चा की गई। व्यापार एवं उद्योग जगत के माध्यम से इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रदेशों से 250 से अधिक व्यापारी, युवा और महिला उद्यमी शामिल रहे।
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद प्रवीण खंडेलवाल, आईटीपीओ के निदेशक जावेद अशरफ, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सी भारतीया, कानपुर से पंकज अरोरा, वाराणसी से अखिलेश मिश्रा, पटना से अशोक वर्मा, रायपुर से अमर परवानी, सागर से संजीव जैन, आगरा से नीरज आनंद, बंगाल से रोहित खैतान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









