हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से वृद्ध घायल, चालक फरार

पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की जांच

हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से वृद्ध घायल, चालक फरार



निष्पक्ष जन अवलोकन | रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। लखनऊ-गोंडा हाईवे पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक वृद्ध को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बरियारपुर निवासी 60 वर्षीय विजय पुत्र रामखेलावन रविवार शाम लगभग चार बजे साइकिल से किसी कार्य से जा रहे थे। जब वह ब्लॉक मुख्यालय के निकट डिवाइडर में बने कट से हाईवे पार कर रहे थे, तभी बाराबंकी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

गनीमत यह रही कि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सत्रोहन, कांस्टेबल सुजीत और कांस्टेबल सुनील मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।

गंभीर रूप से घायल वृद्ध का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।