युवा एकता मंच सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सपा विधायक राहुल शिव गणेश लोधी

युवा एकता मंच सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे सपा विधायक राहुल शिव गणेश लोधी

निष्पक्ष जन अवलोकन।

रामशंकर वर्मा।

बाराबंकी। नगर पंचायत रामनगर की डूडा कॉलोनी में युवा एकता मंच कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष रामकुमार लोधी के संयोजन एवं सपा जिला सचिव शीतला बक्श सिंह के संचालन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरचंदपुर रायबरेली के युवा सपा विधायक राहुल शिव गणेश लोधी मौजूद रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक राहुल शिव गणेश लोधी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान, मजदूर और नौजवान सभी परेशान हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आम जनता की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी बन चुकी है और गांव-गरीबों के हितों से उसका कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि अपराध और भय का माहौल बढ़ रहा है तथा इससे छुटकारा पाने के लिए सभी लोगों को धर्म और जाति से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने युवाओं को पार्टी की ताकत बताते हुए कहा कि निरंकुश सरकारों से मुकाबला करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम के संयोजक रामकुमार लोधी ने कहा कि समाज और युवाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से युवा एकता मंच का गठन किया गया है और यह अभियान लगातार आगे बढ़ेगा।

इस दौरान भारत समाज सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर यादव, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि सौरभ पांडे, सचिन त्रिपाठी, राहुल मौर्य, दिनेश लोधी, उमेश यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में रामकुमार लोधी एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि राहुल शिव गणेश लोधी का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर शिव बरन यादव, गनेंसी यादव, दीपक लोधी, सभासद राकेश राठौर, अमन रावत, रीता देवी, नाजिया खान, कमला सुमन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।