कृषक प्रशिक्षण गोष्ठी में वैज्ञानिक पद्धति से गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर जोर

निष्पक्ष जन अवलोकन । रत्नाकर पांडे।

दरियाबाद (बाराबंकी)। सहकारी गन्ना विकास समिति लि. दरियाबाद के अंतर्गत ग्राम जदवापुर एवं गिदरापुर में बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री गन्ना संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में कृषक प्रशिक्षण एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गन्ना किसानों ने भाग लिया और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला गन्ना अधिकारी बाराबंकी डॉ. दुष्यंत कुमार ने किसानों से अधिक से अधिक गन्ना बुवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान विभाग एवं चीनी मिल द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक विधि से प्रमाणित बीजों की बुवाई करने पर बल देते हुए कहा कि इससे कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है।

लाल बहादुर शास्त्री गन्ना संस्थान, लखनऊ से आए विशेषज्ञ अरुण कुमार ने किसानों को वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गन्ना बुवाई से पूर्व खेत की मिट्टी को एक किलोग्राम प्रति बीघा ट्राइकोडर्मा से उपचारित करना आवश्यक है, जिससे फसल रोगमुक्त रहती है। साथ ही पोटाश का संतुलित प्रयोग करने से पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों से पर्चियों के सापेक्ष समय से गन्ना आपूर्ति करने तथा बेसिक कोटा बढ़ाने की अपील की।

चीनी मिल रोजागांव के सहायक प्रबंधक गन्ना बृजपाल सिंह ने कहा कि मिल द्वारा किसानों को समय से गन्ना मूल्य का भुगतान एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने किसानों को मिट्टी के नमूने एकत्र कर परीक्षण कराने की सलाह दी और आश्वस्त किया कि मृदा परीक्षण की सुविधा मिल की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ना बेचने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी तथा वे गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने में संकोच न करें।

कार्यक्रम में अमित कुमार सिंह, जनार्दन सिंह, त्रिलोकीनाथ तिवारी, ईश्वर सिंह, श्यामलाल सिंह, अनिल सिंह सहित अनेक किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गोष्ठी के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में जागरूक किया गया।